सहारनपुर से चली किसान यात्रा पहुंची दिल्ली

सहारनपुर से चली किसान यात्रा पहुंची दिल्ली


भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह के नेतृत्व में 11 सितम्बर 2019 को सहारनपुर से चला किसानों का जत्था 21 सितंबर को दिल्ली के यूपी गेट पहुंच कर धरने पर बैठ गया। यहां से यह जत्था किसान घाट जाने वाला था। अपनी पंद्रह सूत्रीय मांगों को लेकर मार्च कर रहे इन किसानों के दिल्ली के यूपी गेट पहुंचने पर भारी पुलिस बल लगा दिया गया था।


अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड प्रेमसिंह गहलावत, कामरेड श्याम किशोर यादव, माला देवी, सरस्वती, डॉ. हरे राम यादव, रोमी सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने किसानों का स्वागत किया। कामरेड प्रेमसिंह गहलावत ने प्रशासन से बात करके किसान नेता पूरण सिंह की सहमति पर सरकार से वार्ता के लिए 11 लोंगों का प्रतिनिधि मंडल बनवा दिया, जो सरकार से बात करके आगे की कार्यवाही का फैसला करेगा।


अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के राष्ट्रीय संयोजक वीएम सिंह भी किसानों के बीच समर्थन देने पहुंचे। बाद में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री के साथ प्रतिनिधि मंडल की वार्ता हुई। इसमें गन्ने के बकाया का तत्काल भुगतान, बकाया व्याज सहित दिलाना सहित 5 मांगों पर तत्काल कार्यवाही का आश्वाशन और बाकी मांगों पर प्रधान मंत्री के विदेश से लौटने के बाद चर्चा करने के आश्वाशन पर कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।